.

आजमगढ़ : अल्लामा शिब्ली के मिशन को आगे बढ़ाने वाले चार लोग सम्मानित






पूर्वांचल फ्यूचर फोरम लखनऊ ने शिक्षा, साहित्य, रिसर्च और पत्रकारिता में योगदान के लिए दिए अवार्ड

आजमगढ़:अल्लामा शिबली नोमानी की जन्मभूमि आजमगढ़ की चार प्रमुख हस्तियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए लखनऊ में सम्मानित किया गया। बुधवार को ऑल इंडिया कैफी आजमी एकेडमी में पूर्वांचल फ्यूचर फोरम लखनऊ की ओर से आयोजित शिबली डे समारोह में सांसद धर्मेंद्र यादव ने चारों को अलग-अलग पुरस्कार प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में शाह आलम गुड्डू जमाली, इंजीनियर शेख अहमद मसूद, डॉ. मुहम्मद इलियास आजमी और वरिष्ठ पत्रकार मुहम्मद असलम शामिल हैं। पूर्वांचल फ्यूचर फोरम के संयोजक आफाक अहमद आजमी ने बताया कि पूर्व विधायक, विधान परिषद सदस्य एवं आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के संस्थापक शाह आलम गुड्डू जमाली को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और अल्लामा शिबली नोमानी के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए ‘पूर्वांचल रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। शेख मसूद इंटर कॉलेज फरिहा और शेख मुहम्मद फाउंडेशन के संस्थापक इंजीनियर शेख अहमद मसूद को शिक्षा एवं सामाजिक विकास में योगदान के लिए ‘पूर्वांचल गौरव अवार्ड’ दिया गया। दारुल मुसनफीन शिबली एकेडमी की कार्यकारिणी परिषद के अध्यक्ष एवं मानद फेलो डॉ. मुहम्मद इलियास आजमी को उर्दू भाषा, साहित्य और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘हमीदुद्दीन फराही अवार्ड’ प्रदान किया गया। उनकी सौ से अधिक प्रकाशित पुस्तकों में 40 से अधिक पुस्तकें अल्लामा शिबली के जीवन, विचारों और साहित्यिक योगदान पर आधारित हैं। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार और दैनिक ‘इंकलाब’ के जिला प्रतिनिधि मुहम्मद असलम को पत्रकारिता के क्षेत्र में दो दशक से अधिक समय तक निष्पक्षता, सच्चाई और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देने के लिए ‘पूर्वांचल मीडिया एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। अल्लामा शिबली की अकादमिक विरासत और दारुल मुसनफीन शिबली एकेडमी की गतिविधियों को पत्रकारिता के माध्यम से प्रमुखता देने में भी उनकी भूमिका रही है। इस अवसर पर आफाक अहमद आजमी ने कहा कि पूर्वांचल फ्यूचर फोरम का उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं और उनकी उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाना तथा शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, उद्योग, व्यापार और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment