अग्रसेन महिला महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा पर व्याख्यान आयोजित
आजमगढ़: श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में गुरुवार को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्द्धन में लोकसंगीत की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता प्रो. ज्योति सिन्हा ने कहा कि लोकसंगीत भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक जीवनानुभवों का जीवंत दस्तावेज है। लोकगीतों के माध्यम से हमारी जीवनशैली, संस्कार, रीति-रिवाज और जीवन मूल्य पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होते हैं। विशिष्ट वक्ता डॉ. अनीता यादव ने कहा कि सोहर, कजरी, चैती, बिरहा और विवाह गीत भारतीय लोकजीवन की समृद्ध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां हैं। लोकसंगीत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इसके दस्तावेजीकरण और शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. निशा कुमारी ने कहा कि लोकसंगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण और संवर्द्धन में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सपना साहू ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
Blogger Comment
Facebook Comment