.

आज़मगढ़: अपहरण कर हत्या के तीन दोषियों को उम्रकैद


प्रत्येक पर 1.75 लाख रुपये जुर्माना, 75 प्रतिशत राशि मृतक के पुत्र को मिलेगी

आजमगढ़: अपहरण कर हत्या के करीब 18 साल पुराने मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय की अदालत ने शुक्रवार को प्रत्येक दोषी पर एक लाख 75 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया। जुर्माने की 75 प्रतिशत राशि मृतक के पुत्र को देने का आदेश दिया गया है। अभियोजन के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के खुटौली निवासी प्रेमनारायण तिवारी ने पांच अगस्त 2008 को मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि चार अगस्त 2008 की शाम करीब पांच बजे उनके 70 वर्षीय पिता राममूरत तिवारी तहबरपुर बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में शम्भूपुर के पास रजनीकांत उर्फ पिंटू यादव, रामविनय उर्फ विनोद मौर्य, फूलबदन और रामपलट यादव ने असलहे के बल पर उनका अपहरण कर लिया और गाड़ी में बैठाकर ले गए। अगले दिन राममूरत तिवारी का शव सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली पुल के पास तमसा नदी से बरामद हुआ था। वादी ने पुलिस को बताया था कि रजनीकांत के खराब आचरण का उनके पिता विरोध करते थे। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी फूलबदन की मृत्यु हो गई। अभियोजन पक्ष की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता प्रियदर्शी पियूष त्रिपाठी और सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता दीपक कुमार मिश्रा ने सात गवाहों को अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने रजनीकांत उर्फ पिंटू, रामविनय उर्फ विनोद मौर्य और रामपलट यादव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। प्रत्येक दोषी पर एक लाख 75 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment