कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप,पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आजमगढ़: बलरामपुर क्षेत्र में शनिवार रात शराब के ठेके पर कहासुनी के बाद हुई मारपीट में 35 वर्षीय राजन चौबे की मौत हो गई। मृतक बिजरवा, पोस्ट बनकट, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ का निवासी था। घटना में उसका चचेरा भाई शुभम चौबे भी घायल हुआ है। बताया गया कि राजन शनिवार रात करीब 10 बजे बलरामपुर स्थित शराब के ठेके पर गया था। वहां किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी। आरोप है कि राजन की लाठी-डंडों से पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल राजन को स्वजन जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला कुछ अलग भी सामने आ रहा है। कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय के अनुसार राजन के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस परिजन की तहरीर के अनुसार जांच कर रही है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। राजन दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 13 वर्ष का बेटा और 11 वर्ष की बेटी हैं। युवक की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
Blogger Comment
Facebook Comment