मंडलायुक्त ने गांधी जयंती पर महिला अपर आयुक्तों ने कराया ध्वजारोहण
आजमगढ़: गांधी जयंती के अवसर पर मंडलायुक्त विवेक की मौजूदगी में अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी और अपर आयुक्त ज्योति राय ने मंडलायुक्त कार्यालय भवन पर संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और छात्राओं ने सामूहिक राष्ट्रगान किया। राष्ट्रगान के बाद मंडलायुक्त विवेक ने कार्यालय सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी। उन्होंने कहा कि गांधी जी की अहिंसा सक्रिय अहिंसा थी। महान वही है जो विरोधों से भागता नहीं, बल्कि विरोध को स्वीकार करते हुए विरोधियों से सामंजस्य बनाकर अपने सिद्धांतों पर आगे बढ़ता है। मंडलायुक्त ने कहा कि गांधी जी की विचारधारा वैश्विक विचारधारा थी। इसलिए आज केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि एक वैश्विक विचारधारा की जयंती मनाने का अवसर है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्षों और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उनके महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके दिए ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे ने देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ को लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन में चरितार्थ किया। उनके जीवन में दिखावा नाममात्र भी नहीं था। मंडलायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महान विभूतियों के जीवन से निरंतर सीख और प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। इससे पूर्व अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी, अपर आयुक्त ज्योति राय, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पांडेय, शासकीय अधिवक्ता ओपी पांडेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र श्रीवास्तव एवं मंत्री जनार्दन राय सहित अन्य लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं ने रामधुन सहित अन्य प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध सहित कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment