हाईकोर्ट ने आजमगढ़ एसएसपी, थानाध्यक्ष व पीआरओ को तलब किया
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में सरकारी वकील को कथित तौर पर अनपढ़ कहने का मामला आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक के पीआरओ को भारी पड़ गया। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, थानाध्यक्ष महाराजगंज और पीआरओ को 12 अक्टूबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होने का आदेश दिया है। मामला महाराजगंज थाने से जुड़ा है। सचिन यादव पर आरोप है कि जिस युवती से उसका विवाह तय हुआ था, विवाह की बात टूटने के बाद उसने युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी मामले में सचिन यादव की जमानत अर्जी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने विवेचक विनय कुमार मिश्रा के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया था। बाद में विनय कुमार मिश्रा हाईकोर्ट में उपस्थित हुए और बताया कि उन्हें वारंट जारी होने की जानकारी नहीं थी। इसके बाद न्यायालय ने मामले की सुनवाई में पाया कि महाराजगंज थानाध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से भी मामले में लापरवाही बरती गई है। इसी दौरान अपर शासकीय अधिवक्ता (एजीए) अनुराग पांडेय ने न्यायालय को बताया कि फोन पर संपर्क करने के दौरान पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के पीआरओ ने उन्हें कथित तौर पर 'अनपढ़' कहा। सरकारी वकील के साथ इस तरह के व्यवहार की जानकारी पर न्यायमूर्ति अरुण कुमार देशवाल ने नाराजगी जताई। हाईकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, थानाध्यक्ष महाराजगंज और संबंधित पीआरओ को 12 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment