कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के गेट पर बैठ कर लगाए नारे
आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को आजमगढ़ में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। धरने में कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘‘अखिलेश यादव को रिहा करो’’, ‘‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’’ और ‘‘वोट चोर गद्दी छोड़’’ के नारे लगाए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव सांसदों के साथ दिल्ली के संसद मार्ग स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने जा रहे थे। इसी दौरान भाजपा सरकार ने पुलिस बल का प्रयोग करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के विरोध में आजमगढ़ में सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए और अखिलेश यादव की रिहाई तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। धरने को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों, नौजवानों, किसानों, मजदूरों, बुनकरों और व्यापारियों के उत्पीड़न में बढ़ोतरी हुई है। नेताओं ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और लोगों के हक-अधिकार की रक्षा के लिए पीडीए के लोग भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का काम करेंगे। धरने में शिशुपाल सिंह , करुणाकांत मौर्य, अजीत कुमार राव, श्याम देव चौहान, प्रेमा यादव, संतोष कुमार गौतम, प्रदीप कुमार यादव, पूर्व प्रमुख सुशीला आनंद, दुर्गेश यादव, कुणाल मौर्य, लालजीत यादव क्रांतिकारी, आनंद यादव, प्रदीप यादव, इं. अभिषेक यादव, कमलेश यादव, जोरार खान, इं. लालचंद यादव, वेद प्रकाश यादव, अखिलेश पांडेय, रोशन यादव, अवनीश यादव, अनिल कुमार भारती, गोलू यादव, संजय यादव सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment