.

आजमगढ़: चार लाख रुपये और सोने की लूट की सूचना निकली झूठी


झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले मिथिलेश पर मुकदमा दर्ज

आजमगढ़: रौनापार थाना क्षेत्र में फायरिंग कर चार लाख रुपये नकद और सोने की दो चेन लूटने की सूचना जांच में झूठी पाई गई। पुलिस ने झूठी सूचना देने के आरोप में मिथिलेश गौतम (23) पुत्र शेषनाथ गौतम, निवासी ग्राम खेतापुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को मिथिलेश गौतम ने सूचना दी थी कि देवरिया रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर उसका हैंडबैग छीन लिया। बैग में चार लाख रुपये नकद और सोने की दो चेन रखी हुई थीं। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फायरिंग कर लूट किए जाने की सूचना असत्य पाई गई। पुलिस के मुताबिक, जांच में पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना देने की बात सामने आने पर 23 अक्टूबर को थाना रौनापार में मिथिलेश गौतम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना के संबंध में पुलिस को सही और तथ्यात्मक जानकारी दें। जानबूझकर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना दंडनीय अपराध है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment