.

आजमगढ़: शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 पोलिंग पार्टियां रवाना


जिलाधिकारी ने तैयारियों का लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से 23 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जिले के 23 मतदान केंद्रों पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन तैयारियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान की तैयारियां पूरी कर लें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की पहले ही जांच कर ली जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन कार्यालय से उपलब्ध कराई जा रही मतदान सामग्री का मिलान अवश्य कर लें। किसी सामग्री की कमी होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित कर उसे प्राप्त करें। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ ही जिला प्रशासन ने मतदान संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment