ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप, तीन अन्य की तलाश जारी
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र में महिला को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने उसके ससुर रामचन्द्र यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गुरुवार को ग्राम फरीदाबाद स्थित उसके घर से पकड़ा गया। मामले में मृतका के ससुराल पक्ष के पांच लोगों को नामजद किया गया था। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकसेठवल गांव निवासी अमित यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बहन अन्तिमा यादव को ससुराल पक्ष के लोग मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे। आरोप है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर अन्तिमा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में निजामाबाद थाने में 21 अक्टूबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 268/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 115(2) और 108 में प्राथमिकी दर्ज की गई। मुकदमे में मृतका के ससुर रामचन्द्र यादव, ननद पूजा यादव और गुन्जा यादव, देवर आशीष यादव निवासीगण ग्राम फरीदाबाद, थाना निजामाबाद तथा ननदोई अमित यादव निवासी ग्राम रुदरी (सपहिया), थाना रानी की सराय को नामजद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ वांछित आरोपितों की तलाश के दौरान रामचन्द्र यादव (56) पुत्र धुक्कू यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, कांस्टेबल रवि मौर्य और कांस्टेबल मुरारी जायसवाल शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment