.

आजमगढ़:मुलायम सिंह जी के विचारों पर चल कर ही मिलेगा सामाजिक न्याय : हवलदार यादव




सपा संस्थापक की पुण्यतिथि पर डॉ. अमित सिंह ने 27 जरूरतमंद छात्राओं को दी साईकिलें

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को नेहरू हाल कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान हजारों लोगों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और संघर्षों पर चर्चा करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिरहा गायकों ने नेताजी के संघर्ष और जीवन पर आधारित गीतों की प्रस्तुति से की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने भारतीय इतिहास में अपना विशिष्ट स्थान बनाया। उनके विचारों, आदर्शों और संघर्षों पर चलकर ही देश खुशहाल और समृद्ध बन सकता है। आज भी उनके विचार प्रासंगिक हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके संघर्षों को आगे बढ़ा रहे हैं। नेताजी के सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलते हुए पीडीए के लोगों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए पार्टी संकल्पबद्ध है। पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव युगपुरुष थे। उन्होंने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। आज उन्हीं की देन है कि देशभर में सामाजिक न्याय की ताकतें खड़ी हुई हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं। एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली ने कहा कि नेताजी ने देश की अखंडता और एकता बनाए रखने के साथ ही संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा कड़े फैसले लिए। वह धर्मनिरपेक्ष और मानवतावादी व्यक्तित्व के धनी थे। कार्यक्रम में विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली और जिला महासचिव हरिप्रसाद दुबे ने भी विचार व्यक्त किए। नेताजी की पुण्यतिथि पर जनपद के प्रसिद्ध चिकित्सक, समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ डॉ. अमित सिंह ने 27 गरीब छात्राओं को शिक्षा के लिए 27 साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि नेताजी ने अपनी सरकार में छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए साइकिल वितरण की शुरुआत की थी। उन्हीं के विचारों से प्रेरणा लेकर उन्होंने भी साइकिल वितरण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि नेताजी कहते थे कि जो व्यक्ति गरीबों के दुख-दर्द में शामिल नहीं होता और जिसके अंदर संवेदना नहीं होती, वह समाजवादी नहीं हो सकता। साइकिल पाकर छात्राएं प्रसन्न नजर आईं और अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुईं। श्रद्धांजलि सभा में नेहरू हाल के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल, पूर्व प्रत्याशी जयराम सिंह पटेल, संतोष कुमार गौतम, पप्पू कुमार यादव, डॉ. हरिराम यादव, सूरज राजभर, जगदीश प्रसाद, शिवसागर यादव, वीरू यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment