सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
आजमगढ़: जहानागंज स्थित एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अंतर्गत एसकेडी लोटस वैली स्कूल, जहानागंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह ने ध्वजारोहण एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना मार्ग बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और उच्च विचारों के माध्यम से देश का नेतृत्व किया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी प्रेरणादायी है। इसी क्रम में एसकेडी विद्या मंदिर एवं एसकेडी इंटर कॉलेज में भी प्रधानाचार्य एवं श्रीकान्त सिंह ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यालय और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। वहीं, वृक्षारोपण अभियान के तहत आसपास के गांवों में लगाए गए पौधों एवं वृक्षों की साफ-सफाई और देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने दांडी यात्रा की प्रस्तुति के माध्यम से गांधी जी के सत्य और अहिंसा के विचारों को जीवंत किया। इसके अलावा नाटक, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के जरिए महापुरुषों के विचारों एवं जीवन मूल्यों को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य दरक्षा खान सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में के.के. शरण, पी.एन. पांडे, नेहा, प्रियंका, अनीता, नम्रता, गीतांजलि, योगेन्द्र, रंजना, सूर्यप्रताप, रमाकान्त सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों से परिचित कराने के साथ सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करना रहा।
Blogger Comment
Facebook Comment