.

आजमगढ़: शंभूपुर हत्याकांड में मृत पंडितों के आश्रित ने मांगा मुआवजा और सरकारी नौकरी


मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में परिवार और बहनों के विवाह के लिए आर्थिक मदद,शस्त्र लाइसेंस की मांग की

आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र के शम्भूपुर गांव में 22 सितंबर को हुई दो लोगों की हत्या के मामले में मृतक अखिलेश मिश्र के पुत्र हिमांशु मिश्र ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है। पत्र में हिमांशु मिश्र ने बताया कि उनके पिता स्व. आचार्य अखिलेश मिश्र धार्मिक कार्य और पूजा-पाठ के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। आरोप है कि 22 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे शम्भूपुर निवासी अरविंद सिंह ने पूजा-पाठ के लिए उनके पिता अखिलेश मिश्र और महेंद्र पाठक को बुलाया था। इसी दौरान दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हिमांशु मिश्र के मुताबिक, वह भी घटना के समय मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उन्हें भी जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए और दीवार फांदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया गया। हिमांशु ने कहा कि पिता की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के भरण-पोषण, बहनों की शिक्षा और विवाह तथा भविष्य की आजीविका को लेकर परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से परिवार को एक करोड़ रुपये की विशेष आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दोनों अविवाहित बहनों के विवाह के लिए विशेष आर्थिक सहायता, अपनी शिक्षा की पूरी व्यवस्था और परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की है। पत्र के अंत में परिवार ने मांगें पूरी न होने पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की बात कही है। साथ ही पत्र में आत्मदाह की चेतावनी भी दी गई है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment