भारत रक्षा दल ने कार्रवाई और पूर्व स्वरूप की स्थापना की मांग उठाई
आजमगढ़: दीवानी न्यायालय के पास चर्च के सामने स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में एक ज्वेलर्स कंपनी द्वारा प्रचार के लिए कथित रूप से किए गए लोगो निर्माण के विरोध में भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने निर्माण को पार्क की मूल व्यवस्था और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के स्वरूप को प्रभावित करने वाला बताते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। भारत रक्षा दल के जिला अध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद पार्क में दशकों पूर्व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की गई थी। कुछ वर्ष पूर्व नगर पालिका द्वारा लाखों रुपये खर्च कर पार्क में फव्वारे का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि अब किसी की अनुमति से फव्वारे में मिट्टी भरकर ज्वेलर्स कंपनी द्वारा प्रचार के लिए निर्माण करा दिया गया है। इससे नगर पालिका द्वारा फव्वारे के निर्माण में खर्च की गई धनराशि के उपयोग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नए निर्माण के कारण स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा भी पीछे छिप गई है। इससे स्वामी विवेकानंद को आदर्श मानने वाले लोगों में असंतोष है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि प्रचार के लिए निर्माण कराने वाले प्रतिष्ठान के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए, फव्वारे को पूर्व स्वरूप में लाने की कार्रवाई करते हुए उसमें खर्च हुई धनराशि की वसूली की जाए तथा संबंधित प्रतिष्ठान को स्वामी विवेकानंद की विशाल प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए जाएं। भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में धर्मवीर शर्मा, जैनेंद्र चौहान, सुशील श्रीवास्तव एडवोकेट, जावेद अंसारी, महेंद्र चौहान, दीपक जायसवाल, सचिन जायसवाल, गोपाल प्रसाद एडवोकेट, मनोहर प्रसाद और हिमांशु सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment