.

आजमगढ़: केशव मौर्य के बयान पर सपा का पलटवार


कहा- अपनी सीट नहीं जिता पाए, जिले में छह सीटों पर जीत का कर रहे दावा

आजमगढ़: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आजमगढ़ की छह विधानसभा सीटों पर भाजपा का कमल खिलाने के बयान पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है। सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी विधानसभा सीट सिराथू पर भाजपा को जीत नहीं दिला पाया, वह आजमगढ़ की सभी छह सीटों पर भाजपा की जीत का दावा कर रहा है। इसे लेकर सपा ने मौर्य के बयान पर सवाल उठाए हैं। अशोक यादव ने पार्टी की तरफ से जारी प्रतिक्रिया में केशव प्रसाद मौर्य पर अपने समाज के लोगों के साथ होने वाले कथित अत्याचार और उत्पीड़न के मामलों में आवाज नहीं उठाने का आरोप लगाया गया। बयान में अयोध्या में 25 अगस्त को रामलगन मौर्य की बम और गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि हमले में उनकी मां भी घायल हुई थीं और इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। सपा ने आरोप लगाया कि इस मामले में उप मुख्यमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। उन्होंने भाजपा में शामिल पीडीए समाज के नेताओं पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पीडीए आंदोलन को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सपा प्रवक्ता ने प्रदेश सरकार पर पेपर लीक, खनन, जल जीवन मिशन और एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न मामलों में कथित माफिया गतिविधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। जातिवाद के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए गए। दावा किया कि पीडीए समाज इन राजनीतिक घटनाक्रमों को समझ रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करेगी। पार्टी ने लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment