.

आजमगढ़: नाली के विवाद में हुई मारपीट में युवक की मौत,पुलिस सक्रिय


पवई के चकिया बखरिया गांव में दो पक्षों में मारपीट के दौरान हुई घटना

आजमगढ़: पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकिया बखरिया में शुक्रवार की सुबह नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 30 वर्षीय युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, चकिया बखरिया निवासी हरिओम पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि हरिओम के घर में घटना से ठीक एक दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। बताया गया कि हरिओम की पत्नी रंजना ने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से पुत्र को जन्म दिया था। नवजात के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन हरिओम की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।
बताया जा रहा है कि हरिओम के पहले से दो पुत्र हैं। नवजात के जन्म के बाद परिवार में आई खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मारपीट और युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment