.

आजमगढ़: पुलिस लाइन में श्रद्धा और हर्षोल्लास से मनाई गई जन्माष्टमी




डीएम और एसएसपी ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना और आरती

आजमगढ़: रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पुलिस परिवार के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पूरे दिन भक्तिमय एवं सांस्कृतिक वातावरण बना रहा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ ही ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यहां पुलिसकर्मियों ने पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment