आजमगढ़: प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस पोखरा, आजमगढ़ के प्रांगण में गुरुवार को जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. देवेश दुबे, कौशल कुमार राय, रवि श्रीवास्तव एवं राज नारायण गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए हाउसवाइज मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में व्हाइट हाउस ने 13 सेकंड में मटकी फोड़कर प्रथम, ब्लू हाउस ने 21 सेकंड में द्वितीय और रेड हाउस ने 33 सेकंड में मटकी फोड़कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद्र मौर्य ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प आवश्यक है। विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रतियोगिता कठिन नहीं होती। यदि हमारे अंदर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास है तो हम किसी भी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
Blogger Comment
Facebook Comment