.

आजमगढ़: एक हजार लोगों ने उठाया SKD संस्थान में निशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ





विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, पैथोलॉजी जांच व दवाएं भी दी गईं

आजमगढ़: जहानागंज स्थित एसकेडी लोटस वैली स्कूल में भारत विकास परिषद, आजमगढ़ के तत्वावधान में रविवार को बृहद निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के एक हजार से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क पैथोलॉजी जांच कराई गई और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया। सुबह से ही शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ रही। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित अन्य मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख रमेश कन्नौजिया, चेयरमैन सरफराज अहमद, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक एवं एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह की उपस्थिति में हुआ। विजय बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ समाज के स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी संस्थान का उद्देश्य है। ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, रवि गर्ग, राजेश, संदीप, गिरीश, गिरिराज तथा संरक्षक अशोक अग्रवाल सहित परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार जताया।
शिविर में डॉ. अमन गर्ग, डॉ. अंकुर अग्रवाल, डॉ. अंकित चंद अग्रवाल, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. पूनम यादव, डॉ. शिवांगी अग्रवाल एवं डॉ. नेहा गुप्ता समेत अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं। विद्यालय परिवार के सदस्यों और सहयोगियों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग किया।
एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, पैथोलॉजी जांच और दवाएं निःशुल्क मिलने से क्षेत्रवासियों में उत्साह रहा। लोगों ने भारत विकास परिषद और एसकेडी लोटस वैली स्कूल की इस पहल की सराहना की।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment