जागरण फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जा रही है फिल्म ‘नेशनल फर्नीचर सिंस 1935’
आजमगढ़: जिले की माटी से निकलकर फिल्म और रंगमंच की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले ग्राम सभा तरफकाजी, पोस्ट देवगांव निवासी अभिनेता सुजीत अस्थाना लगातार जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। अपने रचनात्मक कार्यों के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और जिलाधिकारी आजमगढ़ समेत देश के विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। सुजीत अस्थाना भारत के प्रमुख नाट्य महोत्सवों में 100 से अधिक नाट्य प्रस्तुतियां दे चुके हैं। इसके साथ ही वह पांच हजार से अधिक बच्चों को अभिनय का प्रशिक्षण भी दे चुके हैं। फिल्मों में भी उनके अभिनय को दर्शकों और फिल्म समारोहों में सराहना मिल रही है। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्रा के साथ भी स्क्रीन साझा की है। सुजीत अस्थाना की फिल्म ‘सौदा (Sauda: A Deal)’ का इंडोनेशिया के ‘सिपुत्रा फिल्म फेस्टिवल’ में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ, जहां फिल्म को ‘ऑनरेबल जूरी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। अब उनकी अगली फिल्म ‘नेशनल फर्नीचर सिंस 1935 (National Furniture Since 1935)’ की विशेष स्क्रीनिंग 23 अगस्त को दिल्ली में आयोजित ‘जागरण इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में हुई। इसके बाद फिल्म आठ राज्यों के 14 शहरों में आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जाएगी। ‘नेशनल फर्नीचर’ का इंडियन वर्ल्ड प्रीमियर इसी वर्ष जून में ‘मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में हुआ था। फिल्म के लेखक, निर्देशक और सह-निर्माता अजय कन्नौजिया भी आजमगढ़ के ही निवासी हैं। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षा प्राप्त अजय कन्नौजिया ने राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID), अहमदाबाद से स्नातक और सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI), कोलकाता से परास्नातक की उपाधि हासिल की है। अजय कन्नौजिया अपनी जड़ों से जुड़ी कहानियों को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। सुजीत अस्थाना और अजय कन्नौजिया की इस उपलब्धि से आजमगढ़ के कला और सिनेमा जगत को नई पहचान मिल रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment