देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
आजमगढ़: सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के विभिन्न विद्यालयों में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। आजादी के पर्व पर सेंट्रल पब्लिक स्कूल जाफरपुर, मुबारकपुर, फरिहा, आजमगढ़ तथा भिवंडी, महाराष्ट्र स्थित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक नवाज अहमद खान ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान चेयरपर्सन तरन्नुम खानम, प्रधानाचार्या रेखा सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य, हिंदी भाषण, अंग्रेजी स्पीच, रोल मॉडल ऑफ फ्रीडम फाइटर्स और भरतनाट्यम सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘ये देश है वीर जवानों का’, ‘ना झुका है, न झुकने देंगे’, ‘जय हो’, ‘घर कब आओगे’, ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’, ‘मां भारती की स्वर्णिम’, ‘ऐ वतन मेरे वतन’ और ‘कोई शब्द आखिरी लिखना हो’ जैसे देशभक्ति गीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। कार्यक्रम के अंत में ‘हमारे देश में हिन्दू-मुसलमान साथ रहते हैं’ गजल प्रस्तुत की गई। सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। समारोह के समापन पर छात्र-छात्राओं ने स्काउट गाइड के तहत मार्च पास्ट भी किया।
Blogger Comment
Facebook Comment