.

आजमगढ़: सर्वोदय स्कूल में जिले की पहली शूटिंग रेंज का हुआ उद्घाटन



प्रतियोगिताओं की तैयारी में बच्चों को मिलेगा नया मंच, एकाग्रता और अनुशासन बढ़ाने पर जोर

आजमगढ़: हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले की पहली शूटिंग रेंज का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर अजेन्द्र राय और विशिष्ट अतिथि जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष पुनीत राय ने संयुक्त रूप से शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जिले में पहली शूटिंग रेंज शुरू होने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भविष्य में ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के लिए तैयार हो सकेंगे।
मुख्य अतिथि अजेन्द्र राय ने कहा कि शूटिंग रेंज शुरू होने से विद्यार्थियों में एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना विकसित होगी। निरंतर अभ्यास से बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment