9 से 17 अगस्त तक पूरे जिले में होंगे विविध कार्यक्रम, डीएम ने दिए निर्देश
आजमगढ़: आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बन चुका है। इस वर्ष अभियान को 'वंदे मातरम' के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जाएगा, इसलिए सभी कार्यक्रमों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि 9 से 17 अगस्त के बीच जिलेभर में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली और विद्यालयों में तिरंगा प्रेरित कलाकृतियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अभियान का भौतिक और डिजिटल दोनों स्वरूप होगा। नागरिक तिरंगा फहराने के साथ 'सेल्फी विद तिरंगा' और वंदे मातरम के गायन का वीडियो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके लिए विद्यालयों में विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे और विद्यार्थियों को अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि जिले में राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक संस्थान तक तिरंगा पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही सरकारी भवनों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। उन्होंने झंडा संहिता के प्रावधानों का पालन कराने और नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने की सही विधि से अवगत कराने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, उपायुक्त रोजगार डॉ. आराधना त्रिपाठी, डीआईओएस अजय कुमार तथा संस्कृति सीएम फेलो आनंद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment