एमएलसी शाह आलम ने फसल सर्वे, सठियांव चीनी मिल में किसानों के शोषण का मुद्दा उठाया
लखनऊ/आजमगढ़: विधान परिषद के मानसून सत्र में आजमगढ़ के एमएलसी शाह आलम (गुड्डू जमाली) ने मंगलवार को सगड़ी और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के देवारा इलाके के गन्ना किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि विभागीय अधिकारियों ने गन्ने की फसल पूरी तरह विकसित होने से पहले ही उसका सर्वे कर उसे तीसरी श्रेणी में दर्ज कर दिया, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि फसल विकसित होने के बाद पुनः सर्वे कराकर किसानों को न्याय दिलाया जाए। एमएलसी ने जून माह में रौनापार क्षेत्र में किसानों की पंचायत का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में बोई गई गन्ने की फसल अभी अंकुरित अवस्था में है, ऐसे में उसका अंतिम मूल्यांकन कर अनुपयुक्त श्रेणी में डालना उचित नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और दोबारा मूल्यांकन कराने की मांग की। वहीं, एमएलसी ने सठियांव चीनी मिल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की गाड़ियां घंटों लंबी कतारों में खड़ी रहती हैं, समय से पर्चियां नहीं मिलतीं और बिचौलियों के कारण किसानों का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार से चीनी मिल की अव्यवस्थाओं को दूर कर किसानों को राहत दिलाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने मेहनगर तहसील के बिंद्रा बाजार- खालिसपुर लहबरिया लिंक रोड पर मगही नदी के पास करीब 300 मीटर क्षतिग्रस्त खड़ंजा मार्ग का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, मरीजों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सड़क के तत्काल नवनिर्माण और उच्चीकरण की मांग की। एमएलसी शाह आलम ने मंत्री से गन्ना किसानों की समस्याओं का सहानुभूतिपूर्वक समाधान कराने, तटीय क्षेत्र की फसलों का पुनः सर्वे कराने तथा सठियांव चीनी मिल में किसानों के शोषण पर रोक लगाने की मांग की। इस पर संबंधित मंत्री ने सदन में आश्वासन दिया कि पूरे मामले का दोबारा निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सगड़ी तहसील क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर एमएलसी शाह आलम ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नियम-110 के अंतर्गत सूचना दी है। उन्होंने जीयनपुर–मुबारकपुर मुख्य मार्ग से कोटवा बेरमा, घौरहरा, खतिरपुर होते हुए पकवा इनार, चुनहवा मोड़ स्थित शंकर जी मंदिर तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क एवं नाली निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
Blogger Comment
Facebook Comment