पैर में लगी गोली,; तमंचा, कारतूस, वाहन और ठगी का सामान बरामद
आजमगढ़: सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और अंतरराज्यीय टप्पेबाज गैंग के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे गैंग के सरगना को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी, जबकि उसके चार अन्य साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, नकदी, विभिन्न दवाखानों के विजिटिंग कार्ड और एक मारुति-800 कार बरामद की है। गैंग पर आजमगढ़ समेत कई जनपदों में दवा बेचने की आड़ में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ छतवारा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दवा बेचने के बहाने लोगों से ठगी करने वाला गिरोह मारुति-800 कार से खेमऊपुर होते हुए इटौरा मार्ग से आजमगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर वाहन से उतरकर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सरगना ध्यान सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायल आरोपी की पहचान ध्यान सिंह पुत्र अतर सिंह निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई। उसके साथ छत्रपाल पुत्र गोपाली निवासी गदरपुर सकैनिया, थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड), कुलदीप पुत्र चुन्ना निवासी भिलकलालूवाला, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद, राजा पुत्र सुनील निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद तथा सरिता सिंह पत्नी ध्यान सिंह निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे दवा बेचने के बहाने गांव और शहरों में घूमते थे तथा लोगों को यौन रोग और कमजोरी का डर दिखाकर नकली दवाएं ऊंची कीमत पर बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दो अगस्त को पवई क्षेत्र की एक दुकान से करीब पांच हजार रुपये की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन हजार रुपये नकद, एक आधार कार्ड, विभिन्न दवाखानों के 12 विजिटिंग कार्ड और एक चारपहिया वाहन बरामद किया है। इस संबंध में थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी ध्यान सिंह के खिलाफ पहले से लखनऊ और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और ठगी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment