प्रथम श्रावण सोमवार पर सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन का लिया जायजा
आजमगढ़: प्रथम श्रावण सोमवार पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को भंवरनाथ मंदिर का औचक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुगम दर्शन, भीड़ और यातायात प्रबंधन, नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी निगरानी तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा और श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी और सभी विभागों के बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्ण एवं सुगम दर्शन कराए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में आयोजित शिव लीला की सांस्कृतिक प्रस्तुति का अवलोकन कर कलाकारों की सराहना की। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उप जिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार गौतम को अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सफाई कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रभावी प्रबंधन के चलते जनपद के प्रमुख शिवालयों में प्रथम श्रावण सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। पूरे जिले में पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ।
Blogger Comment
Facebook Comment