.

गोरखपुर: STF से मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी मुस्‍तफिजुल रहमान ढेर,सिपाही घायल


आजमगढ़ में बसपा नेता कलामुद्दीन हत्याकांड का मुख्य आरोपी था मुस्तफिजुल रहमान

गोरखपुर/आजमगढ़: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की लखनऊ और गोरखपुर यूनिट ने सोमवार देर रात गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहा के पास मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एसटीएफ का मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में मुस्तफिजुल को गोली लगी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुस्तफिजुल रहमान आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के खुन्दनपुर गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आपराधिक साजिश, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों के 10 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2021 में बसपा नेता कलामुद्दीन खान की हत्या के मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जांच में यह भी सामने आया था कि चुनावी रंजिश के चलते उसने शार्प शूटरों की व्यवस्था कर हत्या की साजिश रची थी। दिसंबर 2024 में मुस्तफिजुल को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन आजमगढ़ ले जाते समय वह चलती ट्रेन से कूदकर पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और उसकी तलाश कई एजेंसियां कर रही थीं।
सोमवार रात एसटीएफ को सूचना मिली कि मुस्तफिजुल गोरखपुर में आने वाला है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, खोखे और एक मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुस्तफिजुल के खिलाफ पहला मुकदमा वर्ष 2003 में दर्ज हुआ था। इसके बाद हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, धमकी और अन्य गंभीर मामलों में कई एफआईआर दर्ज हुईं। लंबे समय से फरार रहने के कारण उसके खिलाफ उद्घोषणा और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment