23.700 किलो प्रतिबंधित मांस, तमंचा व गोकशी के उपकरण बरामद
आजमगढ़: सरायमीर थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी के पैर में जवाबी कार्रवाई में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा गोकशी में प्रयुक्त चाकू, चापड़ और लकड़ी का ठीहा बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर उसका मांस बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी कंधे पर रखी बोरियां छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर मेराज उर्फ साजिद खान ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग का प्रयास करने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेराज उर्फ साजिद खान पुत्र मोहम्मद आजाद खान, निवासी हाजीपुर गोधना, थाना पवई, गालिब पुत्र फैजान, निवासी खासडीह बरईपुर, थाना सरायमीर तथा शहजाद पुत्र फैय्याज, निवासी खासडीह बरईपुर, थाना सरायमीर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने साथी अरहम पुत्र फैजान के साथ बड़ी नहर के किनारे सुनसान स्थान पर गोवंश का वध कर मांस आसपास के गांवों में बेचते थे। पुलिस की मौजूदगी देखकर मेराज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की थी। आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से गोकशी में प्रयुक्त उपकरण और गोवंशीय मांस बरामद किया गया। पशु चिकित्साधिकारी ने निरीक्षण के बाद बरामद मांस को प्रथम दृष्टया प्रतिबंधित पशु का मांस बताया तथा जांच के लिए नमूने सुरक्षित करा दिए। पुलिस ने मेराज उर्फ साजिद खान के विरुद्ध धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम तथा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अन्य दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। एक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment