.

आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, अंतरजनपदीय ठग गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार


जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में लगी गोली, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

आजमगढ़: कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय ठग व वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपियों पर चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक 5 जुलाई को देवदत्त गोंड निवासी आजमपुर, थाना कंधरापुर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सदर अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। सोमवार देर रात प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश चोरी की बाइक से बाग लखराव पुलिया के रास्ते शहर की ओर किसी वारदात की नीयत से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजेश यादव पुत्र महेन्द्र यादव निवासी शंकरपुर, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी विजय यादव पुत्र हरिराम निवासी केशरवां, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर को भागने के दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल राजेश यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार राजेश यादव के विरुद्ध गाजीपुर, मिर्जापुर, मऊ और आजमगढ़ में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विजय यादव के विरुद्ध भी कोतवाली थाने में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment