सभी शाखाओं में केक काटकर हुआ शुभारंभ, वर्षभर होंगे शैक्षिक, सांस्कृतिक और सम्मान समारोह
आजमगढ़: जिले के जहानागंज क्षेत्र के धनहुआं स्थित SKD Group of Education ने अपने रजत जयंती वर्ष (25वें वर्ष) का शुभारंभ शनिवार को सभी शाखाओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ केक काटकर उत्साहपूर्वक किया। संस्थान ने इस अवसर पर पूरे वर्ष शैक्षिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और सम्मान समारोहों के आयोजन की घोषणा की। संस्थान के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि SKD Group of Education ने शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता की अपनी 24 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर 25वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे SKD परिवार के लिए गर्व और नई ऊर्जा का प्रतीक है। रजत जयंती वर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों में रचनात्मकता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षिक प्रतियोगिताएं, प्रेरक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले 24 वर्षों में संस्थान ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रगति की है। इसी का परिणाम है कि आज SKD Group of Education ने क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विजय बहादुर सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और संस्थान के सभी शुभचिंतकों के विश्वास एवं सहयोग को देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प भी है। इस अवसर पर के.के. शरण, श्रीकांत सिंह, योगेश अस्थाना, रंजना, तुहिना, गोविंद, राजेश, संजय, संतोष, आनंद, नम्रता, सूर्य प्रताप सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment