.

आजमगढ़: 50 पुड़िया हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार


सरायमीर पुलिस की कार्रवाई,आरोपी पर पहले से पांच आपराधिक मामले

आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत एक शातिर तस्कर को 50 पुड़िया अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन का कुल वजन 4.80 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक हरिकेश शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बीनापारा पुलिया के पास एक व्यक्ति हेरोइन लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह को अवगत कराकर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीरु सोनकर पुत्र महेंद्र सोनकर, निवासी पूनापोखर, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ बताया। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 पुड़िया अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसका इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर 4.80 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध चोरी, चोरी की संपत्ति रखने तथा एनडीपीएस एक्ट समेत कुल पांच आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment