वरिष्ठ चिकित्सकों ने सफलता का मंत्र दिया, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को बताया सफलता की कुंजी
आजमगढ़: एपीएस रेजिडेंशियल अकादमी में नवप्रवेशित NEET अभ्यर्थियों के लिए रविवार को काउंसलिंग एवं प्रेरणात्मक मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के लिए सही दिशा, प्रेरणा और अनुभवी चिकित्सकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जावेद अख्तर, डॉ. पंकज जायसवाल (एमबीबीएस, एमडी, सरोज हॉस्पिटल), डॉ. एहतेशाम अहमद (एमबीबीएस, एमडी) तथा डॉ. मिर्ज़ा आदिल बेग (एमबीबीएस, एमडी, पल्स हॉस्पिटल) मौजूद रहे। सभी चिकित्सकों ने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए नियमित तैयारी करने की सलाह दी। कार्यक्रम की शुरुआत अकादमी की प्राचार्या सुश्री रूपल पंड्या ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का स्वागत कर की। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और ईमानदारी के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। अकादमी के प्रबंधक एवं सेक्रेटरी सीए मोहम्मद नोमान ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय का सही प्रबंधन ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में अकादमी के निदेशक डॉ. गयास असद खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एपीएस रेजिडेंशियल अकादमी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं अकादमी के चेयरमैन श्री शाह आलम (गुड्डू जमाली) ने अपने शुभकामना संदेश में सभी नवप्रवेशित NEET अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के मार्गदर्शन को प्रेरणादायक और उपयोगी बताया। आयोजन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प का संचार किया।
Blogger Comment
Facebook Comment