.

आजमगढ़: सपा कार्यालय में आलमबदी आज़मी को दी गई श्रद्धांजलि


नेताओं ने सादगी, ईमानदारी और सिद्धांतों पर चलने वाले जननेता के रूप में किया याद

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में निजामाबाद विधानसभा के दिवंगत विधायक मरहूम आलमबदी आज़मी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष, विधायकगण, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि आलमबदी आज़मी ईमानदारी और सादगी के प्रतीक थे। वह महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर हमेशा सत्य का साथ देते थे और गलत बातों का खुलकर विरोध करते थे। पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली ने कहा कि आलमबदी आज़मी ने अपने विचारों के अनुरूप जीवन जिया और अंतिम समय तक सादगी व ईमानदारी का उदाहरण बने रहे। पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव ने कहा कि उनका व्यक्तित्व अत्यंत विराट था। वे स्पष्टवादी थे और सच बात कहने से कभी नहीं हिचकिचाते थे। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मरहूम आलमबदी आज़मी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। आधुनिक राजनीति के दिखावे से दूर रहकर उन्होंने पूरी जिंदगी अपने सिद्धांतों के अनुसार बिताई। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी आजमगढ़ उनकी प्रत्येक पुण्यतिथि पर जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और आदर्शों को याद करेगी। सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, विधायक अखिलेश यादव, विधायक बेचई सरोज, विधायक पूजा सरोज, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर और पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित कर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अशोक यादव भोला, जयराम सिंह पटेल, राजेश यादव, बबीता चौहान, पप्पू कुमार यादव, सिकंदर यादव, वसीम अहमद, जगदीश यादव, राज नारायण यादव, वसीमुद्दीन शेख, प्रदीप सहाय, प्रदीप यादव, गुलाब राजभर, विवेक सिंह, संदीप रजत सेठ, संतोष कुमार गौतम सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment