.

आजमगढ़ ' कर्तव्य में लापरवाही पर रिक्रूट आरक्षी निलंबित


संतरी ड्यूटी में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना पर एसएसपी ने की कार्रवाई

आजमगढ़: कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में गंभीरपुर थाने पर तैनात रिक्रूट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गंभीरपुर थाने पर नियुक्त रिक्रूट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह द्वारा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरती गई। जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि थाना क्षेत्र के एक पंजीकृत मुकदमे में वांछित अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए निर्धारित संतरी ड्यूटी का उन्होंने समुचित निर्वहन नहीं किया। इसके अलावा उच्चाधिकारियों के आदेशों और निर्देशों की भी अवहेलना की गई।
मामले को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और छवि को प्रभावित करने वाला गंभीर अनुशासनहीनता का मामला मानते हुए एसएसपी ने 25 जुलाई 2026 को रिक्रूट आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment