जिला प्रशासन की जांच में लापरवाही की पुष्टि, दूसरे दंपती की भूमिका भी संदिग्ध; सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज
आजमगढ़: शहर के तिवारीपुर स्थित रेनबो चिल्ड्रेन अस्पताल में नवजात शिशु बदलने के चर्चित मामले में जिला प्रशासन की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की तहरीर पर सिधारी थाने में अस्पताल कर्मियों, प्रबंधन से जुड़े लोगों तथा दूसरे दंपती समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला उस समय सामने आया था जब आसिफगंज निवासी कमलेश वर्मा ने जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी नेहा सोनी ने 12 मई को बलिया जिला महिला अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया था। नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए रेनबो चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल की ओर से उनका पुत्र बदलकर नवजात बच्ची सौंप दी गई। विरोध करने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें धमकाने का भी प्रयास किया। बाद में मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने वास्तविक नवजात पुत्र परिवार को वापस सौंपा और उसका दोबारा इलाज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने विस्तृत जांच की। समिति ने अपनी रिपोर्ट में पाया कि अस्पताल में भर्ती दोनों नवजातों के पहचान टैग खराब हो गए थे। नए टैग लगाने के दौरान अस्पताल स्टाफ की लापरवाही से दोनों बच्चों की पहचान बदल गई। जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने भी टैग बदलने में हुई त्रुटि स्वीकार की। जांच रिपोर्ट में दूसरे दंपती की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। समिति के अनुसार संबंधित महिला ने पहले ही अस्पताल में शिकायत की थी कि उसने पुत्री को जन्म दिया है, जबकि उसे पुत्र सौंपा गया। बाद में निजी अस्पताल में भी इसकी पुष्टि हुई, इसके बावजूद वह और उसका पति नवजात लड़के को अपने साथ ले गए। जांच समिति ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए कानूनी कार्रवाई की संस्तुति की। जांच रिपोर्ट के आधार पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी की तहरीर पर सिधारी थाने में नीतू यादव, अनरजीत चौहान, जयकृष्ण शुक्ल, शशि कुमार पांडेय, माधवी यादव तथा कन्हैया यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment