.

आजमगढ़: लापरवाही पर दरोगा और सिपाही निलंबित


निगरानी में शिथिलता व मादक पदार्थों की रोकथाम में लापरवाही मिली

आजमगढ़: जनपद में कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना सरायमीर में तैनात उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव और आरक्षी विकास कुमार यादव को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। दोनों पर अपने हल्का एवं बीट क्षेत्र में प्रभावी गश्त, पेट्रोलिंग और निगरानी नहीं रखने तथा मादक पदार्थों के सेवन और खरीद-फरोख्त पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई 2026 को बीनापारा पुलिया के पास वीरू सोनकर निवासी ग्राम पूनापोखर, थाना सरायमीर को 50 पुड़िया अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में थाना सरायमीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया। जांच में सामने आया कि संबंधित क्षेत्र के हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव और बीट आरक्षी विकास कुमार यादव ने अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया, जिससे क्षेत्र में मादक पदार्थों की गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत दोनों पुलिस कर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैर-जिम्मेदाराना आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment