.

आजमगढ़: अंबेडकर प्रतिमा के विवाद में दो पक्षों के 16 लोग गिरफ्तार


लंबे समय से चल रहा था विवाद,थाने में ही कर दिया था हंगामा

आजमगढ़: तरवां थाना क्षेत्र के महोली गांव में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और ग्राम समाज की भूमि पर कब्जेदारी को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मामले के निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को गुरुवार को थाना तरवां बुलाया गया था, लेकिन सुनवाई के दौरान ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और थाना परिसर में ही तीखी बहस व आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। पुलिस ने बताया कि कई बार समझाने के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए और आमादा फौजदारी की स्थिति उत्पन्न हो गई। शांति व्यवस्था भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोपहर करीब 12:40 बजे दोनों पक्षों के 16 महिला एवं पुरुषों को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष से फेकूराम पुत्र बनवारी, विद्यादेवी, जितेंद्र राम तथा मुकेश राम निवासी ग्राम महोली, थाना तरवां शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से तिलकधारी, सुरेंद्र राम, नीरज, रामनिवास, अनीता, परमीला, आशा, विमला, सीमा, गायत्री, शशिबाला तथा सुसकला निवासी ग्राम महोली, थाना तरवां को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भूमि अथवा सार्वजनिक स्थल से जुड़े किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से करें और कानून को अपने हाथ में न लें। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment