.

आजमगढ़: शादी में विवाद के दौरान हत्या में पांच और गिरफ्तार


मेंहनाजपुर के डंडवल गांव में हुई थी हत्या, अब तक छह आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़: मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में शादी समारोह के दौरान भोजन करने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा और एक लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। इससे पहले मुख्य आरोपित अजीत यादव उर्फ भन्टा पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह इस मामले में अब तक कुल छह आरोपित गिरफ्तार या घायल होकर पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस के अनुसार, आठ जुलाई को मृतक प्रितोष राजभर की मां चन्द्रकला पत्नी स्वर्गीय सुनील राजभर निवासी सराय खुरसू, थाना देवगांव की तहरीर पर मेंहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि सात-आठ जुलाई की रात डंडवल गांव में आयोजित शादी समारोह में भोजन करने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर प्रितोष राजभर पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस भी बढ़ाई गई।
गुरुवार सुबह करीब 8:20 बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने बरवां मोड़ पर घेराबंदी कर पांच वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में आशीष यादव पुत्र हीरा लाल यादव, राजा चौहान पुत्र दिनेश चौहान, अभिषेक खरवार पुत्र मुन्ना खरवार तथा शनि चौहान पुत्र तेजू चौहान, सभी निवासी ग्राम डंडवल, थाना मेंहनाजपुर, और आनंद राजभर पुत्र श्याम कन्हैया राजभर, निवासी ग्राम सराय खुरसू, थाना देवगांव शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुए विवाद में उन्होंने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की थी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment