देवगांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा, कई छात्र घायल
आजमगढ़: जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कई छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नौ वर्षीय एक छात्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, जामिया फैजेआम, देवगांव की स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। बसही मोड़ तिराहे के पास अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में बैठे छात्र संभल नहीं सके। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र की पहचान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बनारसपुर गांव निवासी युनूस बेलाल खान (9 वर्ष) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी बस को सड़क से हटवाया। अन्य घायल छात्रों का उपचार अस्पताल में जारी है। क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं छात्र की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और बनारसपुर गांव में शोक की लहर फैल गई।
Blogger Comment
Facebook Comment