.

आजमगढ़: सर्पदंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मातम


घर में खेलते समय सांप ने डसा, टांडा पीजीआई ले जाते वक्त तोड़ा दम

आजमगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र के चिस्तीपुर गांव में सर्पदंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। घर में खेल रहे बच्चे को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे पहले अतरौलिया के सौ शैय्या अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए टांडा पीजीआई रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, चिस्तीपुर गांव निवासी रामबदन का ढाई वर्षीय पोता उत्कर्ष (पुत्र राजू) बुधवार शाम करीब तीन बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अतरौलिया स्थित सौ शैय्या चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे टांडा पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उत्कर्ष अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां कविता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि बच्चे के पिता राजू मजदूरी करते हैं और रोजगार के सिलसिले में करीब दस दिन पहले दिल्ली गए हुए थे। घटना के बाद मृतक के दादा रामनयन ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment