शौच के लिए खेत गया था बालक, बिजली के पोल के पास अचेत मिला था
आजमगढ़: गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हुसेपुर मुहम्मदपुर गांव में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवराज सिंह का सात वर्षीय पुत्र सागर सिंह मंगलवार शाम घर से शौच के लिए गांव के बाहर खेत की ओर गया था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सागर गांव के बाहर लगे लोहे के बिजली के पोल के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों का अनुमान है कि बिजली के पोल में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि सागर सिंह दो भाइयों में छोटा था। बेटे की असमय मौत से मां शांति देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Blogger Comment
Facebook Comment