EOW जांच से जुड़े मुकदमे में जीयनपुर पुलिस की कार्रवाई,दर्ज हैं चार मुकदमे
आजमगढ़: फर्जी अभिलेख तैयार कर शासकीय मदरसा अनुदान प्राप्त करने के आरोप में वांछित चल रहे मदरसा प्रबंधक को जीयनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (EOW) की जांच से जुड़े मुकदमे में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे जीयनपुर रोडवेज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (EOW) मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक कुँवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की तहरीर तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के आदेश पर थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि मदरसा वीर अब्दुल हमीद शिक्षण संस्थान, मुजार के प्रबंधक ने कूटरचित अभिलेख तैयार कर शासकीय अनुदान का लाभ प्राप्त किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की समकक्ष धाराओं के अनुरूप पूर्व में दर्ज धारा 409, 420, 465, 467, 468 और 471 के तहत विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान थाना जीयनपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्त आलीम अली पुत्र हासिम हुसैन, निवासी ग्राम कुर्ती जाफरपुर हुसैनाबाद, थाना कोपागंज, जनपद मऊ को मंगलवार शाम करीब 6:50 बजे जीयनपुर रोडवेज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना जीयनपुर में तीन तथा थाना मुबारकपुर में एक अन्य मुकदमा पहले से दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार और आरक्षी शिवम तिवारी शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment