.

आजमगढ़: पीआरवी वाहन दुर्घटना छिपाने पर दो पुलिसकर्मी निलंबित


दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई डायल-112 की गाड़ी, कंट्रोल रूम को नहीं दी सूचना

आजमगढ़: डायल-112 की पीआरवी वाहन दुर्घटना की जानकारी छिपाने और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल और आरक्षी कमलेश कुमार गौड़ को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। समीक्षा के दौरान सामने आया कि थाना जहानागंज क्षेत्र में तैनात पीआरवी वाहन को चालक होमगार्ड राधेश्याम ने पांच जुलाई को लापरवाही से चलाते हुए दीवार से टकरा दिया था, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप है कि घटना के बाद मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल और आरक्षी कमलेश कुमार गौड़ ने न तो कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी और न ही अपने प्रभारी अधिकारियों को अवगत कराया। इसे अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता माना गया।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच बैठाने के साथ उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment