गुजरात के 13.74 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा मिला खाता
आजमगढ़: जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम मंगवाता था, एटीएम से नकदी निकालकर अपना कमीशन रखता था और बाकी रकम अपने साथी को सौंप देता था। जांच में उसके खाते का लिंक गुजरात राज्य में दर्ज 13.74 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत से मिला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खाते से लिंक एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक विभा पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खाते के आधार पर रामाश्रय सरोज पुत्र रामपलट सरोज निवासी ग्राम सोफीपुर, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ को पूछताछ के लिए बुलाया गया। बैंक खाते के विवरण, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ में वह अपने साथी गुड्डू कुमार पुत्र मिथलेश कुमार निवासी ग्राम बेलदारीपर, जनपद नालंदा (बिहार) के साथ साइबर अपराध में संलिप्त पाया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खाते के विरुद्ध गुजरात राज्य की एनसीआरपी शिकायत में इन्वेस्टमेंट के नाम पर 13.74 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज मिला। आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम अपने खाते में मंगवाकर एटीएम से निकालता था और कमीशन काटने के बाद शेष धनराशि अपने साथी को दे देता था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस मामले में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 29/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment