.

आजमगढ़:कुल्हाड़ी से दादा-पोते की निर्मम हत्या, गांव में सनसनी


पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में देर रात हुई वारदात, खेत से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद


आजमगढ़: जनपद के पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में गुरुवार देर रात दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से हमला कर 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव और उनके 25 वर्षीय पोते अंकित यादव की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह अपने घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं उनका पोता अंकित यादव घर में अपनी चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सो रहा था। देर रात हमलावर ने अंकित पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना का आभास होने पर फूलमती ने घर के अन्य सदस्यों को जगाया। गंभीर रूप से घायल अंकित को आनन-फानन में अंबेडकर नगर के नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंकित की मौत की सूचना देने जब परिजन ट्यूबवेल पर पहुंचे तो वहां जगदंबा प्रसाद यादव का शव पड़ा मिला। उनकी भी धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से गांव में मातम और दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक लेनदेन और आपसी क्लेश का मामला होने की संभावना है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment