जून 2026 की ओवरऑल रैंकिंग में 92.40 प्रतिशत अंक, डीएम बोले- यह अंतिम लक्ष्य नहीं, और बेहतर प्रदर्शन का प्रयास जारी रहेगा
आजमगढ़: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून 2026 की ओवरऑल (विकास एवं राजस्व) रैंकिंग में आजमगढ़ ने प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। जनपद को 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं राजस्व रैंकिंग में आजमगढ़ छठे और विकास रैंकिंग में 15वें स्थान पर रहा। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि यह सफलता सभी विभागों द्वारा योजनाओं और कार्यक्रमों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन का परिणाम है। विकास एवं राजस्व कार्यों की नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के कारण जनपद को प्रदेश स्तर पर यह स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ कार्य किया है। डीएम ने कहा कि यह उपलब्धि उत्साहवर्धक जरूर है, लेकिन इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना जा सकता। सभी विभाग योजनाओं के क्रियान्वयन में लगातार सुधार करें, नियमित समीक्षा करें और पात्र लाभार्थियों तक जनहितकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आजमगढ़ को विकास एवं राजस्व प्रशासन के क्षेत्र में और बेहतर स्थान दिलाने का प्रयास करें। मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रशासनिक अमले के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आगामी महीनों में जनपद की रैंकिंग को और बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे। जनपद की यह उपलब्धि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास एवं राजस्व कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक दक्षता का भी प्रमाण मानी जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment