.

आजमगढ़: मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में अफसरों पर दिखाई सख्ती


विकास कार्यों में खराब प्रदर्शन पर जताई नाराजगी, अपंजीकृत अस्पतालों पर अभियान चलाने के दिए निर्देश

आजमगढ़: मंडलायुक्त विवेक ने गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड के आधार पर मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीनों जिलों में अपंजीकृत अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही सेतु निर्माण कार्यों में खराब प्रदर्शन पर आजमगढ़ और बलिया के सेतु निगम के अधिशासी अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि तथा मुख्य अभियंता को कड़ी चेतावनी देने के निर्देश दिए। बैठक में आईसीडीएस योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों और सीडीपीओ को अधिक से अधिक फील्ड विजिट कर योजनाओं का जमीनी मूल्यांकन करने तथा पोषण अभियान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने फैमिली आईडी, जननी सुरक्षा योजना और अन्य लाभकारी योजनाओं में शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने 108 और 102 एंबुलेंस के रिस्पांस टाइम में सुधार, संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा अपंजीकृत अस्पतालों पर औचक निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाली आशाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्त करने को भी कहा। मंडलीय जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन संचालन में शिथिलता पर सीएमएस को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। नई सड़कों के निर्माण, बागवानी, माइक्रो इरिगेशन, छात्रवृत्ति, पेंशन योजनाओं, सामाजिक वानिकी, विद्युत आपूर्ति, पीएम फसल बीमा, पशुपालन, शादी अनुदान, स्टेडियम निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को रैंकिंग और ग्रेडिंग सुधारने के लिए तेजी से कार्य करने को कहा। विद्युत विभाग को प्रत्येक जिले में सबसे अधिक लाइन लॉस वाले पांच जूनियर इंजीनियरों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों और राजस्व अधिकारियों को आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में स्थलीय निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट लगाने तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन सहित मंडल और तीनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment