.

आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में स्काउट-गाइड पर सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों का मंथन


स्काउट गाइड गतिविधियों पर चर्चा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर

आजमगढ़: कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में गुरुवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में सीबीएसई विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड इकाइयों की स्थापना विषय पर प्रधानाचार्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, राष्ट्रभक्ति और चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने के लिए स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना, दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न वक्ताओं ने स्काउटिंग की उपयोगिता और विद्यालयों में इसके प्रभावी संचालन पर अपने विचार रखे। विद्यालय के प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान ने कहा कि वर्तमान समय में केवल पुस्तक आधारित शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना आवश्यक है, जिसमें भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं राष्ट्रपति स्काउट्स एवं गाइड्स पुरस्कार से सम्मानित रूपल पंड्या ने कहा कि स्काउटिंग जीवन जीने की कला सिखाती है। इससे विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, अनुशासन, साहस, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने सभी विद्यालयों से इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की।
सिटी कोऑर्डिनेटर रेखा सिंह ने कहा कि स्काउट एवं गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों में सहयोग, सेवा भावना, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों को विकसित करती हैं। वहीं लीडर ट्रेनर (रोवर) डॉ. शफीउज्ज़मा ने स्काउटिंग की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। जिला सचिव सुभाष चंद्र गोंड ने संगठन की कार्ययोजना, सदस्यता प्रक्रिया और जनपद में स्काउट-गाइड इकाइयों के विस्तार की रणनीति साझा की। एएसओसी (स्काउट्स) शैलेश प्रकाश ने सीबीएसई विद्यालयों में स्काउट इकाइयों के गठन की प्रक्रिया और प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी दी, जबकि डीओसी (स्काउट्स) अवधेश यादव ने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित के मूल्यों को व्यवहार में उतारना है।
सम्मेलन में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षाविदों ने भी अपने सुझाव साझा किए। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के प्रभावी संचालन और विस्तार पर सकारात्मक चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर ट्रेनिंग काउंसलर अंकित पांडेय, सत्येंद्र यादव, यूनिट लीडर मोहम्मद शाहिद, यूनिट लीडर ऊज़्मा खान तथा विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment