.

आजमगढ़: गुरु पूर्णिमा हमारी संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक- ऋत्विक जायसवाल




भाजपा नेताओं ने संत-महात्माओं और पुजारियों का सम्मान किया

आजमगढ़: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को शहर के ऐतिहासिक बड़ा गणेश मंदिर में संत-महात्माओं और पुजारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, पूर्व सदर प्रत्याशी गुड्डू मिश्रा तथा वेदांता ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं युवा समाजसेवी ऋत्विक जायसवाल ने मंदिर के महंत पंडित राजेश मिश्रा को अंगवस्त्र भेंट कर माल्यार्पण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दी गईं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि गुरु पूजन सनातन संस्कृति की प्राचीन परंपरा है और भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊपर माना गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में मठों और मंदिरों में संत-महात्माओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रही है। उनके अनुसार यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान के लिए आयोजित किया गया है।
वेदांता ग्रुप के प्रबंध निदेशक ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमारी सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रथम गुरु माता-पिता होते हैं और इसके बाद प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में अनेक गुरुओं से ज्ञान और मार्गदर्शन प्राप्त करता है। उन्होंने सभी गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment