इन्वेस्टिचर सेरेमनी में पदाधिकारियों ने ली शपथ, नेतृत्व व अनुशासन का दिया संदेश
आजमगढ़: करतारपुर बाईपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में बुधवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नई विद्यार्थी परिषद को बैज और सैश पहनाकर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय के अनुशासन, मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना रहा। समारोह की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों के स्वागत और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यालय गीत की प्रस्तुति ने पूरे सभागार में विद्यालय के प्रति गर्व और समर्पण का भाव जगाया। विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व किसी पद या बैज से नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और व्यवहार से सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद के सदस्य अपने कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणा बनें और विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएं। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल आगे बढ़ना नहीं, बल्कि साथियों को साथ लेकर आगे बढ़ना है। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और टीम भावना के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने कहा कि इन्वेस्टिचर सेरेमनी केवल पद प्रदान करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को स्वीकार करने का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के संस्कारों और आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की अपेक्षा जताई। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कूटे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्टायरोफोम कप और सिरेमिक कप का उदाहरण देकर समझाया कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके आचरण और कार्यों से होती है। उन्होंने कहा कि पद के साथ मिलने वाले अधिकार और सम्मान स्थायी नहीं होते, इसलिए पद को प्रतिष्ठा नहीं बल्कि जिम्मेदारी समझकर उसका निर्वहन करना चाहिए। समारोह के मुख्य चरण में विभिन्न सदनों के प्रिफेक्ट, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, मीडिया टीम, असेंबली हेड्स, सांस्कृतिक एवं खेल विभाग के प्रमुखों के साथ वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, हेड बॉय और हेड गर्ल को बैज एवं सैश पहनाकर दायित्व सौंपे गए। को-स्कॉलैस्टिक इंचार्ज के मार्गदर्शन में सभी पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद आयोजित 'टॉर्च रिले—कैरीइंग द लिगेसी' ने विद्यालय की परंपराओं और नेतृत्व की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन हेड बॉय और हेड गर्ल के धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रीय गान की वाद्य प्रस्तुति के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नई विद्यार्थी परिषद अपने नेतृत्व और अनुशासन से विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment